मंगलवार, 3 नवंबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
वाराणसी

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर के लिए शुरू हुई बुकिंग, राजधानी से कम लेगी समय और किराया

वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर के लिए शुरू हुई बुकिंग, राजधानी से कम लेगी समय और किराया
तस्वीर: Jagran

जागरण संवाददाता, कानपुर। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का उद्घाटन शनिवार को कर दिया गया। ट्रेन सोमवार से चलेगी, इससे पहले रविवार को इस ट्रेन के टिकट के लिए बुकिंग शुरू हो गई। ट्रेन नंबर 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली के बीच का संचालन सोमवार से शुरू होगा।

ये ट्रेन वाराणसी से निकलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, गाजियाबाद, नई दिल्ली पहुंचेंगी। रविवार सुबह इस ट्रेन की बुकिंग शुरू हो गई। किराया राजधानी से सस्ता है और ये दिल्ली पहुंचने में राजधानी एक्सप्रेस से कम समय लेगी।

कानपुर से नई दिल्ली में वंदेभारत में तृतीय एसी में 1110, द्वितीय एसी में 1430 व प्रथम एसी में 1755 रुपये लगेंगे। ये ट्रेन पांच घंटे 25 मिनट लेगी। वहीं राजधानी एक्सप्रेस में नई दिल्ली तक का किराया तृतीय एसी में 1360, द्वितीय एसी में 1825 व प्रथम एसी में 2250 रुपये है। राजधानी दिल्ली पहुंचने में पांच घंटे 30 मिनट लेती है।

पांच मिनट का अंतर और किराये में करीब 250 रुपये से पांच सौ तक का अंतर है। दूसरी ओर कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज व वाराणसी का किराया एक ही रखा गया है। कानपुर सेंट्रल से वाराणसी व प्रयागराज का तृतीय एसी का किराया 1050, द्वितीय एसी का किराया 1305 व प्रथम एसी का किराया 1600 रुपये रखा गया है।

ये ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली सप्ताह में छह दिन (शुक्रवार को छोड़कर) चलेगी। इसी तरह ये ट्रेन नई दिल्ली-वाराणसी छह दिन (शनिवार को छोड़कर) चलेगी। इस ट्रेन में प्रथम एसी का एक, द्वितीय एसी के चार व तृतीय एसी के 11 कोच लगेंगे।  

ये रहेगा ट्रेन का ट्रेन के आवागमन का समय

ट्रेन संख्या 27421 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी। प्रयागराज रात 10:35 बजे पहुंचेगी, यहां पांच मिनट का ठहराव लेकर 10:40 बजे रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल रात 12:40 बजे आएगी, पांच मिनट रुकने के बाद 12:45 बजे रवाना होगी। अलीगढ़ सुबह 3:55 बजे पहुंचेगी, वहां पांच मिनट का ठहराव लेगी, गाजियाबाद सुबह 5:25 बजे पहुंचेगी, नई दिल्ली सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होकर गाजियाबाद रात 10:13 बजे पहुंचेगी। वहां से 10:15 बजे रवाना होकर अलीगढ़ रात 11:20 बजे पहुंचेगी। वहां से 11:23 बजे रवाना होकर कानपुर सेंट्रल रात 2:45 बजे आएगी। यहां से 2:50 बजे रवाना होकर प्रयागराज सुबह 5:05 बजे पहुंचेगी। प्रयागराज से 5:10 बजे रवाना होकर वाराणसी सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी।

स्रोत: यह सामग्री Jagran द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.jagran.com/uttar-pradesh/kanpur-city-bookings-open-for-varanasi-new-delhi-vand
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें